हिमाचल कांग्रेस में बढ़ी सियासी तल्खी, CM सुक्खू के बयान और विक्रमादित्य की पोस्ट से गरमाया माहौल
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में जारी बयानबाजी और अंदरूनी खींचतान के बीच राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कहा था कि "नशेड़ी आदमी कोई मसला नहीं है और उसके बयानों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए।" हालांकि मुख्यमंत्री ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे पूर्व विधायक नीरज भारती पर टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद नीरज भारती ने भी तीखा पलटवार करते हुए कई सवाल उठाए और डोप टेस्ट करवाने तक की चुनौती दे डाली। इससे कांग्रेस के भीतर चल रही बयानबाजी और तेज हो गई है।
इसी बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भी सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है। विक्रमादित्य सिंह ने लिखा कि "जीवन का शाश्वत सत्य है कि दूसरों के लिए गड्ढा खोदने वाले अक्सर खुद उसमें गिर जाते हैं। इसलिए नफरत और द्वेष से दूर रहकर सकारात्मक सोच अपनाएं और निस्वार्थ भाव से सबकी मदद करें। हमारी अच्छाई ही हमारा सबसे बड़ा कवच है।"
विक्रमादित्य की इस पोस्ट के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति या घटना का जिक्र नहीं किया, लेकिन प्रदेश में चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच उनकी यह टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई है। कांग्रेस नेताओं के बीच जारी बयानबाजी और सोशल मीडिया पर हो रहे वार-पलटवार ने प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दे दी है।






