शिमला में चिट्टे पर पुलिस का डबल अटैक: दो मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार, 11.5 ग्राम हेरोइन बरामद
शिमला जिला में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। राजधानी शिमला और ठियोग क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 11.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में स्पेशल सेल शिमला ने गुप्त सूचना के आधार पर लालपानी बाईपास से न्यू स्लॉटर हाउस जाने वाले संपर्क मार्ग पर एक कार की तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से करीब 7 ग्राम चिट्टा और 23 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने वाहन चालक राहुल ठाकुर (33), निवासी धर्मपुर, जिला मंडी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरे मामले में ठियोग पुलिस ने रहीघाट के पास वाहन जांच के दौरान एक कार से 4.5 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस मामले में जगमोहन (34) निवासी रोहड़ू और हेमंत मेहता (33) निवासी रामपुर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






