सूरत की जनसभा से PM मोदी का हिमाचल कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- जनता ने कुशासन को नकारा
सूरत/शिमला: गुजरात के सूरत में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के हालिया स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र कर कांग्रेस और सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासित हिमाचल में भी जनता ने स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के "कुशासन" को नकारते हुए भाजपा पर भरोसा जताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस की राजनीति को "परजीवी राजनीति" करार देते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से कांग्रेस अराजकता और अनिश्चितता का माहौल बनाकर राजनीतिक अवसर तलाश रही है, लेकिन देश की जनता बार-बार उसे नकार रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा, जो जनता के असंतोष का स्पष्ट संकेत है।
पीएम मोदी ने हरियाणा और पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में कांग्रेस के प्रति जनता का भरोसा लगातार कम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में भी कांग्रेस सरकार के खिलाफ लोगों में भारी नाराजगी है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगम में भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि पालमपुर नगर निगम में कांग्रेस को सफलता मिली। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन नतीजों को प्रदेश की सियासत का "सेमीफाइनल" माना जा रहा है, जिसने सुक्खू सरकार के सामने नई राजनीतिक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।
स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और भाजपा इन्हें कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत के रूप में पेश कर रही है, जबकि कांग्रेस इन नतीजों को स्थानीय मुद्दों से जोड़कर देख रही है।






