PM मोदी ने हिमाचल के IAS तरुण कपूर पर फिर जताया भरोसा, 2027 तक बढ़ा कार्यकाल
शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ IAS अधिकारी तरुण कपूर पर भरोसा जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में सलाहकार (Advisor) के रूप में कार्यरत तरुण कपूर का कार्यकाल जून 2027 तक बढ़ा दिया गया है। यह तीसरी बार है जब उनके कार्यकाल को विस्तार दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश कैडर के 1987 बैच के सेवानिवृत्त IAS अधिकारी तरुण कपूर को उनकी प्रशासनिक दक्षता और नीतिगत अनुभव के चलते प्रधानमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इससे पहले भी उनका कार्यकाल दो बार बढ़ाया जा चुका है।
तरुण कपूर केंद्र सरकार में पेट्रोलियम सचिव सहित कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय में उनकी भूमिका ऊर्जा, आधारभूत ढांचे और विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण मानी जाती है।
कार्यकाल विस्तार को हिमाचल प्रदेश के लिए भी गौरव की बात माना जा रहा है। लगातार तीसरी बार पीएमओ में उनकी सेवाओं को विस्तार मिलना उनकी कार्यक्षमता और केंद्र सरकार के विश्वास को दर्शाता है।






