तेज हवाओं की चपेट में आया पैराग्लाइडर पायलट, मकान की छत पर गिरने से गंभीर रूप से घायल
जोगिंद्रनगर उपमंडल के अंतर्गत शनिवार को एक पैराग्लाइडर पायलट तेज हवाओं की चपेट में आ गया और संतुलन खोकर एक मकान की छत पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में तूफानी हवाएं चलने लगीं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल पायलट की पहचान विजय कुमार, निवासी पटना, बिहार के रूप में हुई है। विजय कुमार पिछले कुछ वर्षों से बीड़ में रहकर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों से जुड़े हुए थे। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने बीड़-बिलिंग से उड़ान भरी थी, लेकिन लगभग दो घंटे बाद मौसम बिगड़ गया। तेज हवाओं के कारण उनका पैराग्लाइडर असंतुलित हो गया और वह नियंत्रण खो बैठे। विजय कुमार का पैराग्लाइडर तूफानी हवाओं में बहते हुए बीड़-बिलिंग से लगभग 20 किलोमीटर दूर जोगिंदर नगर उपमंडल की ग्राम पंचायत मसौली के गांव पहलूण तक जा पहुंचा, जहां वे एक घर की छत पर जा गिरे। हादसे में उन्हें बाजू और टांग में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही महिला मंडल पहलूण की महिलाओं और गांववासियों ने तुरंत सहायता प्रदान की और घायल पायलट को 108 एंबुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल जोगिंदर नगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के उपरांत उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।प्रशासन की ओर से घायल पायलट को फौरी राहत के रूप में 2500 रुपए की राशि प्रदान की गई है। वहीं, जोगिंद्रनगर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।












