पाड़छु पुल हादसा: किसान सभा का विरोध प्रदर्शन, गावर व सूर्या कंस्ट्रक्शन प्रबंधकों की गिरफ्तारी की मांग
हिमाचल किसान सभा ने भारी बारिश के बीच राष्ट्रीय उच्च मार्ग-03 पर गासियां खड्ड में निर्माणाधीन पाड़छु पुल गिरने के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। सभा ने गावर व सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रबंधकों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मौर्थ और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सभा ने आरोप लगाया कि कंपनी ने खड्ड में बिना अनुमति अवैध डंपिंग कर पुल निर्माण किया, जिससे जलभराव हुआ और गासियां माता मंदिर व मोक्षधाम जलमग्न हो गए।
एडीएम मंडी मदन कुमार को भराड़ी रेस्ट हाउस में मांगपत्र सौंपा गया, जिसमें हुक़्क़ल स्कूल की गिरी सुरक्षा दीवार, अवैध डंपिंग हटाने, चोलथरा बाजार की सड़क बहाली, पाड़छु पुल के दोनों ओर सड़क निर्माण, नालियां बनाने और रियूर की ओबीसी/एससी बस्तियों की सुरक्षा की मांगें शामिल थीं।
एडीएम ने 24 घंटे में पानी निकासी का चैनल बनाने व 10 दिन में मलवा हटाने के आदेश दिए, अन्यथा एफआईआर की चेतावनी दी। भूपेन्द्र सिंह ने आपदा प्रबंधन टीम की तैनाती और दोषी कंपनियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सभा ने चेताया कि अगर 10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई, तो 5 जुलाई के बाद एसडीएम कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।












