खतरनाक पेड़ों से फिर गई एक जान, एडवोकेट सुनीत ठाकुर ने एसडीएम को लिखा पत्र
भट्ठा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक सूखे पेड़ के गिरने से दोपहिया वाहन चालक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय एडवोकेट सुनीत ठाकुर ने उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) जोगिंद्रनगर को पत्र लिखकर सड़क किनारे खतरनाक बन चुके सूखे पेड़ों को तुरंत हटाने की मांग की है।
एडवोकेट ठाकुर ने अपने पत्र में लिखा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां अभी भी कई पेड़ सूख चुके हैं और कभी भी गिरकर बड़े हादसे को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त सड़क मार्ग से माउंट मौर्या स्कूल के सैकड़ों बच्चे प्रतिदिन गुजरते हैं। साथ ही यह एक मुख्य मार्ग है, जहां रोजाना भारी वाहन और निजी गाड़ियों की आवाजाही होती है। एडवोकेट ठाकुर ने एसडीएम से निवेदन किया है कि वे धारा 152 बीएनएसएस (पूर्व की धारा 133 सीआरपीसी) के तहत वन मंडल अधिकारी, जोगिंद्रनगर को सूखे और खतरनाक पेड़ों को हटाने तथा सड़क की ओर झुकी हुई टहनियों को काटने के निर्देश दें। इसके साथ ही उन्होंने सभी संभावित खतरनाक पेड़ों की रिपोर्ट डी.एफ.ओ. जोगिंद्रनगर से मंगवाने की भी मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि इस पत्र पर शीघ्र कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।












