प्रधानमंत्री की घोषणा पर जोगिंद्रनगर नेताओं ने कहा— संकट की घड़ी में मिला बड़ा सहारा
हिमाचल प्रदेश में हालिया बरसात और भूस्खलनों से हुई भारी तबाही के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को प्रदेशवासियों को बड़ी राहत दी। प्रधानमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया और इसके बाद हिमाचल को 1500 करोड़ के विशेष पैकेज की घोषणा की। साथ ही उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले परिवारों को 2-2 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया।प्रदेश में प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। अनेक घर ढह गए, सड़कें और पुल बह गए तथा हजारों परिवार बेघर हो गए हैं। ऐसे हालात में प्रधानमंत्री मोदी की यह घोषणा प्रदेश के लिए संजीवनी साबित होगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित पैकेज आपदा प्रभावित परिवारों और ढांचागत सुधार के लिए मील का पत्थर बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल की पीड़ा को गहराई से समझा है और इस पैकेज से पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलेगी। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता पंकज जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल के दर्द को समझते हुए त्वरित राहत का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की संवेदनशीलता ने यह साबित किया है कि संकट की घड़ी में भी प्रदेश अकेला नहीं है। यह सहायता आपदा पीड़ितों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि 1500 करोड़ का पैकेज और प्रत्यक्ष आर्थिक मदद प्रदेश के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को संबल देने और उन्हें पुनः खड़ा करने में यह सहायता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












