सरकाघाट कॉलेज में एनएसएस दिवस बड़े हर्षोल्लास से मनाया
राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की एनएसएस इकाई ने विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इसके उपरांत पोस्टर मेकिंग और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिनमें स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाजसेवा व राष्ट्रप्रेम से जुड़े सार्थक संदेश प्रस्तुत किए। महाविद्यालय के उप प्राचार्य नरेश चंदेल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों, अनुशासन, स्वच्छता और समाजसेवा से जोड़ता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे सेवा भाव को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नवीन कुमार और प्रो. अंजु ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया और उन्हें समाज कल्याण के कार्यों में सदैव अग्रणी रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी कर स्वच्छता और जन जागरूकता का संदेश दिया।












