नूरपुर पुलिस की अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, पोकलेन मशीन सहित 8 वाहन जब्त
धर्मशाला। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटों में विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इन्दौरा, रे और नूरपुर क्षेत्र की खड्डों व मुख्य मार्गों पर दबिश देकर अवैध खनन में संलिप्त मशीनरी और वाहनों पर शिकंजा कसा है।
अभियान के दौरान कुल 8 चालान किए गए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त किया गया। इन्दौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने इन्दौरा खड्ड से 3 ट्रैक्टरों के चालान किए, जबकि तांडा मोड़ से एक टिप्पर और ब्यास खड्ड से एक पोकलेन मशीन को अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त कर अदालत के सुपुर्द किया गया।
इसी तरह नूरपुर थाना क्षेत्र में नूरपुर बाजार के पास एक ट्रैक्टर का माइनिंग एक्ट के तहत चालान किया गया। पुलिस चौकी रे मंड क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर का चालान किया गया।
इसके अलावा यातायात नियमों की अवहेलना पर भी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट और अन्य उल्लंघन करने वाले वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना अनुमति परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












