CM सुक्खू के 'नशेड़ी' बयान पर नीरज भारती का पलटवार, बोले- डोप टेस्ट कराएं मुख्यमंत्री, मैं भी तैयार
शिमला। हिमाचल प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पूर्व विधायक नीरज भारती के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा बिना नाम लिए की गई ‘नशेड़ी आदमी’ वाली टिप्पणी के बाद नीरज भारती ने तीखा पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री को डोप टेस्ट करवाने की खुली चुनौती दे दी है।
वीडियो बयान जारी करते हुए नीरज भारती ने कहा कि वह स्वयं डोप टेस्ट करवाने के लिए तैयार हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को भी अपना डोप टेस्ट करवाना चाहिए और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह टेस्ट हिमाचल से बाहर, चंडीगढ़ जैसे किसी निष्पक्ष स्थान पर होना चाहिए, ताकि किसी तरह के प्रभाव की आशंका न रहे।
भारती ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री तैयार हैं तो वह अपने सहयोगियों के साथ भी टेस्ट करवा सकते हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे वर्षों तक साथ रहे हैं और कई बातों से भली-भांति परिचित हैं।
नीरज भारती ने यह भी आरोप लगाया कि उनका फेसबुक हैंडल भारत में ब्लॉक करवाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री उन्हें कोई बड़ा राजनीतिक मुद्दा नहीं मानते, तो उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर लगे प्रतिबंध को हटवाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री को उनके पद की गरिमा के अनुरूप आचरण करने की नसीहत भी दी।
गौरतलब है कि रविवार को सचिवालय में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नीरज भारती के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, "नीरज भारती कोई मसला नहीं है, नशेड़ी आदमी कोई स्टेटमेंट दे तो उसे सीरियसली नहीं लेना चाहिए।" मुख्यमंत्री के इसी बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है।






