CM सुक्खू के खिलाफ बगावत पड़ी भारी, नीरज भारती 6 साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित
शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार मोर्चा खोलना कांग्रेस नेता एवं कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के बेटे नीरज भारती को भारी पड़ गया है। कांग्रेस पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए नीरज भारती को प्राथमिक सदस्यता से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।
जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के अध्यक्ष अनुराग शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि नीरज भारती का आचरण पार्टी विरोधी गतिविधियों और संगठनात्मक अनुशासन के विरुद्ध पाया गया। इसी के चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए बाहर करने का निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नीरज भारती लगातार सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सुक्खू और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे थे। उन्होंने सरकार पर मिस मैनेजमेंट, कार्यकर्ताओं की अनदेखी और संगठन को कमजोर करने जैसे आरोप लगाए थे। एक के बाद एक कई फेसबुक पोस्ट के जरिए उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की थी।
नीरज भारती के खिलाफ कार्रवाई यहीं तक सीमित नहीं रही। हाल ही में उनका फेसबुक अकाउंट भी भारत में प्रतिबंधित (रिस्ट्रिक्ट) कर दिया गया, जिसके बाद भारतीय यूजर्स उनकी प्रोफाइल नहीं देख पा रहे हैं। अब पार्टी से छह साल के निष्कासन के साथ कांग्रेस ने साफ संदेश दिया है कि संगठनात्मक अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा।






