8 जून को मंडी में लगेगा बहु-विशेषज्ञ निशुल्क चिकित्सा शिविर, प्रेस क्लब मंडी, एचएमआरयू, सेवा भारती समिति और हरिहर अस्पताल का संयुक्त आयोजन
जनसेवा की भावना को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 8 जून को मंडी में बहु-विशेषज्ञ निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रेस क्लब मंडी के तत्वावधान में हिमाचल प्रदेश मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव यूनियन (एचएमआरयू) और सेवा भारती समिति के संयुक्त प्रयास से सेवा भारती छात्रावास, बड़ी गुमाणु में आयोजित होगा। शिविर में हरिहर अस्पताल गुटकर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपनी सेवाएं देगी। शिविर में निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, चिकित्सीय जांच एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी। शिविर में जिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलेंगी, उनमें डॉ. कमल के. सिंह (न्यूरोलॉजिस्ट), डॉ. पीसी. राणा (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. नवीन कुमार (गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट), डॉ. हरीश एचबी (न्यूरोलॉजिस्ट), डॉ. उमेश चंदेल (मेडिसिन), डॉ. पंकज मंगोत्रा (हड्डी रोग), डॉ. अविनाश कुमार (सर्जन), डॉ. विकास (बाल रोग), डॉ. आनंद राजन (फिजियोथेरेपी), डॉ. विनीत शर्मा (मानसिक रोग), डॉ. विक्रांत कुमार (ईएनटी) और हिमाचल डेंटल कॉलेज सुंदरनगर की दंत चिकित्सकों की टीम शामिल है। इसके अतिरिक्त शिविर में ब्लड शुगर व लिपिड प्रोफाइल जैसे निशुल्क रक्त परीक्षण भी किए जाएंगे। आयोजनकर्ताओं ने आमजन से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाएं।












