गर्मी से तपने लगे पहाड़, 2 दिन हीटवेव का अलर्ट; 11 जून से बदलेगा मौसम का मिजाज
हिमाचल प्रदेश में अब पहाड़ भी भीषण गर्मी की चपेट में आने लगे हैं। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून के लिए ऊना, बिलासपुर और सोलन समेत निचले व मैदानी क्षेत्रों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 11 जून से प्रदेशभर में मौसम करवट लेगा और बारिश का दौर शुरू होगा। 11 और 12 जून को गरज-चमक, बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश का यह सिलसिला 13 जून तक जारी रह सकता है।
प्रदेश में तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। ऊना 41 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि कई अन्य जिलों में भी पारा 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से गर्मी के दौरान सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।






