माउंट मौर्य की दिव्याना ने गायकी में दिखाया दम, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान
माउंट मौर्य इंटरनेशनल स्कूल, जोगिंद्रनगर की पांचवीं कक्षा की छात्रा दिव्याना राठौर ने अपने गायन प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डी.डी. पंजाबी द्वारा आयोजित ‘किस में कितना है दम’ प्रतियोगिता में दिव्याना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर फिनाले की ट्रॉफी अपने नाम की।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन लुधियाना में हुआ था, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लिया। फिनाले संगरूर में संपन्न हुआ, जहां दिव्याना की मधुर गायकी ने निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया।
दिव्याना इससे पहले भी वर्ष 2024 में उपविजेता रह चुकी थीं। उनका सपना है कि वह भविष्य में लता मंगेशकर की तरह एक प्रसिद्ध गायिका बनें। वह पिछले दो वर्षों से नियमित रूप से संगीत की शिक्षा ले रही हैं। दिव्याना ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने दादा प्रेम सिंह राठौर और पिता डॉ. नवीन राठौर को दिया, जो स्वयं संगीत प्रेमी हैं। डॉ. नवीन राठौर वर्तमान में डिग्री कॉलेज जोगिंद्रनगर में संगीत विषय के सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि जो ऊंचाइयां वे स्वयं नहीं छू पाए, उन्हें पूरा विश्वास है कि दिव्याना अपने सपनों को साकार करेगी। स्कूल के प्रधानाचार्य योगेश ठाकुर ने दिव्याना की इस उपलब्धि को गर्व का विषय बताया और कहा कि वह शुरू से ही एक प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं, जो हर सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करती हैं। स्कूल प्रबंधक मनोज ठाकुर ने दिव्याना को बधाई देते हुए कहा कि 9 वर्ष की आयु में ऐसा मुकाम हासिल करना निश्चित ही क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।












