आपदा की घड़ी में मोदी सरकार हिमाचल के साथ: अनुराग ठाकुर
हमीरपुर लोकसभा से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सेड, भदराना, तनहेड़, वनाल, स्याठी और पाड़छु पुल जैसे आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मौके पर राहत और पुनर्वास कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की इस प्राकृतिक आपदा ने गहरे जख्म दिए हैं, परंतु केंद्र सरकार पूरी तरह से हिमाचल के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर सक्रिय हैं और राशन, दवाइयां, बर्तन, गद्दे व अन्य आवश्यक सामान जरूरतमंदों तक पहुंचा रहे हैं।
सांसद निधि और मोबाइल स्वास्थ्य सेवा से मदद
उन्होंने बताया कि सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से रोज़ाना साढ़े तीन सौ से चार सौ लोगों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। महिलाओं को सैनिटरी पैड, बच्चों को स्कूल बैग, स्टेशनरी और प्रोटीन किट वितरित की गई हैं। करीब 500-600 तिरपाल, 200 गद्दे, राशन किट और बर्तन भी बांटे गए हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार हरसंभव मदद करेगी। सांसद निधि व मनरेगा फंड से आपदाग्रस्त क्षेत्रों में क्रेटवाल निर्माण व जल निकासी की योजना शुरू की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व की आपदाओं में केंद्र सरकार ने 1300 करोड़ रुपये दिए थे और अब 2006 करोड़ रुपये की नई सहायता स्वीकृत की गई है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि राहत राशि का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित किया जाए।












