विधायक चंद्रशेखर का सत्याग्रह 9 दिन बाद खत्म, उपमुख्यमंत्री के आग्रह पर जूस पीकर तोड़ा अनशन
राष्ट्रीय उच्च मार्ग मंत्रालय द्वारा निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग 003 में हो रही खामियों के खिलाफ धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने मंगलवार को सशर्त उप मुख्यमंत्री के आग्रह पर अपने अनशन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने जूस पिलाकर विधायक का आमरण अनशन तुड़वाया, जिससे कांग्रेस के कई समर्थकों, राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रभावित परिवारों ने खुशी जाहिर की। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने भी विधायक को उनकी बात मानने के लिए धन्यवाद दिया तथा चंद्रशेखर ने भी उपमुख्यमंत्री स्थानीय जनता, समर्थकों, मीडिया प्रशासन सहित समस्त टीम का तथा क्रमिक अनशन पर बैठे लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि यह हमारे आंदोलन का अर्द्ध विराम है न कि पूर्ण विराम। उन्होंने एनएचएआई की निर्माण कंपनी को चेतावनी देते हुए कहा कि अब खामियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अन्यथा अगला आंदोलन असहयोग आंदोलन का रूप लेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि गत रात्रि को जो धर्मपुर क्षेत्र का विशेष कर बस स्टैंड, आसपास के घरों, दुकानों व जान माल तथा सरकारी व निजी वाहनों का नुकसान हुआ। उसको ध्यान में रखते हुए भी मुझे मजबूरन अपने आमरन अनशन को स्थगित करना पड़ा।
भाजपा ने कहा ड्रामा खत्म
उधर, विधायक के सत्याग्रह आंदोलन समाप्त करने को लेकर भाजपा ने इसे फ्लॉप शो और ड्रामा करार दिया है। भाजपा नेता रजत ठाकुर ने कहा कि आंदोलन विधायक के गले की फांस बन गया था। सरकार के किसी भी मंत्री ने 9 दिन तक आना जरूरी नहीं समझा। उप मुख्यमंत्री आपदा के लिए धर्मपुर जा रहे थे, उन्हें यहां हाथ जोड़ जोड़ कर लाया गया और आंदोलन खत्म करने का ड्रामा रचा गया। उन्होंने कहा कि धर्मपुर की जनता ऐसे ड्रामेबाजों को अगले चुनाव में सबक सिखाएगी।












