मुख्यमंत्री से मुलाकात टली, बरोट और छोटाभंगाल घाटी की समस्याओं के समाधान की उम्मीद बरकरार
छोटाभंगाल और चौहार घाटी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सीताराम ठाकुर ने जानकारी दी है कि लंबे समय से घाटी में चली आ रही शैक्षणिक व स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाना था, लेकिन यह मुलाकात अस्थायी रूप से टल गई है। उन्होंने बताया कि बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल की अगुवाई में शिमला में यह बैठक तय थी, परंतु मुख्यमंत्री की अस्वस्थता के चलते फिलहाल उनसे मुलाकात संभव नहीं हो पाई। सीताराम ठाकुर ने बताया कि ज्ञापन में राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में वर्षों से खाली चल रहे प्राचार्य और प्रोफेसरों के पदों को भरने तथा बरोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की नियुक्ति जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री के स्वस्थ होते ही यह मुलाकात होगी और दोनों घाटियों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान निकलेगा।












