शिमला में सनसनीखेज हत्याकांड: संजौली में निजी स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
शिमला | संजौली
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। संजौली स्थित एक निजी स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मनीषा मित्तल संजौली के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल का संचालन करती थीं और स्कूल परिसर से जुड़े अपने फ्लैट में रहती थीं। शनिवार शाम अचानक कुछ अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हमलावर ने करीब तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली सीधे उनके सिर में लगी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञों और जांच अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। पूरे घटनास्थल को सील कर दिया गया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया गया। मौके से मिले सबूतों को कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूल और संपत्ति से जुड़े कुछ पारिवारिक विवाद भी सामने आए हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एएसपी शिमला अभिषेक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा अपराधियों को जल्द पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
वहीं एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद संजौली और आसपास के क्षेत्रों में भय और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शांत माने जाने वाले शिमला में इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। वहीं स्कूल से जुड़े अभिभावकों और विद्यार्थियों में भी घटना को लेकर गहरा सदमा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे किए जा सकते हैं और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।






