मंडी नगर निगम चुनाव: भाजपा ने नए-पुराने चेहरों पर लगाया दांव, मेयर और डिप्टी मेयर रेस से बाहर
मंडी। प्रदेश के दूसरे बड़े नगर निगम के चुनाव में भाजपा ने कुछ नए और पुराने चेहरों को मैदान में उतार कर बड़ा दाव खेला है। जबकि कांगेस अभी टिकट आवंटन को लेकर मत्था-पच्ची में उलझी हुई है, जबकि नामाकंन के पहले दिन ही अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर भाजपा ने संभावित बगावत को सर उठाने का मौका नहीं दिया है। मंडी नगर निगम के सभी पंद्रह वार्डों में भाजपा ने अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जिनमें अधिकांश नए चेहरे हैं तो पुराने खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है।
सबसे रोचक बात यह रही है कि मंडी नगर निगम के मेयर रहे दीपाली जसवाल और वीरेंद्र भट्ट चुनावी दौड़ से बाहर हो गए हैं। दीपाली जसवाल का टिकट कट गया है। जबकि वीरेंद्र भट्ट शर्मा का वार्ड नंबर दो पुरानी मंडी महिला के लिए आरक्षित हो गया है। वहीं डिप्टी मेयर माधुरी कपूर भी वार्ड ओपन होने की वजह से टिकट से वंचित रह गई है।
निगम के वार्ड नंबर एक से भाजपा ने पूर्व जिला अध्यक्ष एवं मनोनीत पार्षद रहे रणवीर सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। वार्ड नंबर दो से नगर परिषद की पूर्व पाषर्द सरिता हांडा को प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि नंबर तीन पड्डल से समखेतर की पार्षद रही निर्मल वर्मा , वार्ड नंबर चार नेला से नए चेहरे के रूप में मंजू देवी को आजमाया जा रहा है। वहीं पर वार्ड नंबर पांच से मंगवाईं से भी नये चेहरे के रूप में कृष्णा ठाकुर भाजपा की प्रत्याशी होंगी। जबकि वार्ड नंबर छह सन्याहरड वीरेंद्र सिंह आर्य एक बार फिर भाजपा के प्रत्याशी होंगे।
वहीं वार्ड नंबर सात तल्याहड़ से नया चेहरा जितेंद्र सिंह , वार्ड नंबर आठ पैलेस वन से पूर्व पार्षद हरदीप सिंह राजा की धर्मपत्नी गुरदीप कौर , वार्ड नंबर नौ पैलेस कालोनी-2 से पूर्व नप अध्यक्ष एवं महिला नेत्री सुमन ठाकुर पर विश्वास जताया है। उसी प्रकार वार्ड नंबर दस सुहड़ा से पूर्व पार्षद नेहा कुमारी को टिकअ दिया गया है। इसके अलावा वार्ड नंबर ग्यारह समखेतर से पूर्व नप पार्षद जितेंद्र शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। वार्ड नंबर बारह भगवाहन से पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष गगन कश्यप को उतारा गया है, गगन कश्यप ने सबसे पहले अपना नामांकन दर्ज करवाया है।
वार्ड नंबर तेरह थनेहड़ा से पूर्व मेयर दीपाली जसवाल का टिकट काट कर रजनी शर्मा , वार्ड नंबर चौदह बैहना से भी पूर्व पार्षद कृष्ण भानू का टिकट कट गया है, उनकी जगह नए चेहरे के रूप में गुरबचन सिंह और वार्ड नंबर पंद्रह दौंहदी से रीता देवी को चुनावी मैदान में उतारा है।
हालांकि, भाजपा प्रत्याशियों की यह सूची प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल की ओर से जारी की गई है। लेकिन मंडी नगर निगम के टिकट आवंटन में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और स्थानीय विधायक अनिल शर्मा की संस्तुति ली गई है।
भाजपा ने पहली नगर निगम में पकड़ बनाए रखी थी अब उसी काे आगे भी जारी रखने के लिए यह दाव खेला है। अब यह देखना है कि भाजपा का यह दाव कितना कारगर साबित होता है।












