महिला मंडल कोठी कोहड़ का 25 वर्षों से जारी स्वच्छता अभियान बना मिसाल
छोटा भंगाल घाटी की कोठी कोहड़ पंचायत के गांव कोठी कोहड़ में महिला मंडल पिछले 25 वर्षों से स्वच्छता अभियान चला रहा है। रविवार को महिला मंडल की 30 महिलाओं ने प्रधान लता देवी की अगुवाई में गांव की गलियों, रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। महिलाओं ने न केवल झाड़ियां व घास काटकर हटाई बल्कि उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर गहरे गड्ढे में दबाया। सचिव विद्या देवी ने बताया कि महिला मंडल की सदस्याएं प्रत्येक रविवार या आवश्यकता पड़ने पर किसी भी दिन स्वच्छता अभियान में जुट जाती हैं। यह अभियान निरंतरता से चलते हुए पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुका है। इस प्रयास से गांव में न केवल साफ-सफाई बनी रहती है बल्कि गंदगी से होने वाली बीमारियों पर भी रोक लगी है। कोठी कोहड़ पंचायत की प्रधान रक्षा देवी ने महिला मंडल के इस प्रयास की सराहना करते हुए सरकार व प्रशासन से मांग की है कि महिला मंडल कोठी कोहड़ को सम्मानित किया जाए ताकि और भी महिला मंडल प्रेरित हो सकें।












