शिमला में दर्दनाक हादसा: मलबे की चपेट में आने से मशीन ऑपरेटर की मौ*त, परिवार मेंपसरा मातम
शिमला। जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में मशीन ऑपरेटर की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित (25), पुत्र कर्नेल सिंह, निवासी गांव नलाईन, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है। रोहित एलएनटी मशीन का ऑपरेटर था और काम के दौरान अचानक हुए हादसे में मशीन के अंदर फंस गया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को शाम करीब 7 बजकर 24 मिनट पर पुलिस थाना जुब्बल को सूचना मिली कि बडाल गांव में नई सड़क का निर्माण करते समय पहाड़ी से अचानक मलबा गिर गया, जिससे एक जेसीबी और एलएनटी मशीन दब गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां भारी चट्टानें और पेड़ मशीन पर गिरे हुए थे और ऑपरेटर मशीन के केबिन में फंसा हुआ था।
मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दूसरी जेसीबी मशीन और गैस कटर की मदद से काफी मशक्कत के बाद मशीन के केबिन को काटकर रोहित को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत 108 एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल के शवगृह में रखा गया है। इस घटना के संबंध में पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे जांच जारी है।












