मंडी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का नेता प्रतिपक्ष ने किया दौरा
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मण्डी जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में आपदा पीड़ितों से मुलाकात की और राहत सामग्री वितरित की। भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं के चलते दर्जनों घर बह गए हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मण्डी, चंबा, बिलासपुर और ऊना में भारी नुकसान हुआ है। हजारों लोग प्रभावित हैं, कई बेघर हो चुके हैं और फसलें नष्ट हो गई हैं। उन्होंने मांग की कि आपदा राहत कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को समय पर सहायता मिल सके। देर से मिलने वाली सहायता का कोई लाभ नहीं होता, खासकर जब लोगों के पास रहने की जगह भी न हो। जयराम ठाकुर ने जनता से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की और प्रशासन से अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि आपदा के अध्ययन और नई नीतियों की ज़रूरत है ताकि भविष्य में नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने डेढ़ सौ से अधिक कंबल, गद्दे, राशन और बर्तन किट्स वितरित कीं, साथ ही 48 परिवारों को नगद सहायता भी दी। जयराम ठाकुर ने सभी दानी सज्जनों का आभार भी प्रकट किया।












