जोगिंद्रनगर : एकल नारी दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित
जोगिंद्रनगर के किसान भवन में एकल नारी दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में समाज की प्रेरणास्रोत एकल नारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव डॉ. राकेश धरवाल उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में एसएचओ सकीनी कपूर और अनुराग ठाकुर ने भी सहभागिता निभाई।
मुख्य अतिथि राकेश धरवाल ने अपने संबोधन में कहा कि एकल नारियां हमारे समाज की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपने परिवार और समाज को संबल प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि एकल नारियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण के अवसर प्रदान करना आवश्यक है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
एसएचओ सकीनी कपूर ने कहा कि एकल नारियों की सुरक्षा पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। महिला हेल्पलाइन, एकल नारी सेल जैसे कई प्रयास चलाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें न्याय और सहयोग मिल सके। उन्होंने एकल नारियों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में कार्य करें।कार्यक्रम के दौरान किरण ने अपने विचार रखते हुए कहा कि एकल नारियों को पति की मृत्यु या तलाक के बाद मानसिक तनाव, सामाजिक अलगाव और कानूनी जटिलताओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उन्हें अकेला महसूस नहीं करना चाहिए, बल्कि समाज को उनके साथ खड़ा होना चाहिए।इस अवसर पर एकल नारी संगठन की अध्यक्ष निर्मल चंदेल सहित राधा, रमिता राही, लीला धीमान, ऊना की कोऑर्डिनेटर सोनिका, मीणा, रजनी, धर्मशाला से कारजू देवी, गीतांजलि गोस्वामी, चंबा से बिना देवी, तारा देवी और रजनी देवी सहित अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।कार्यक्रम का उद्देश्य एकल नारियों को सामाजिक, आर्थिक और कानूनी समर्थन देना और उन्हें सम्मान के साथ मुख्यधारा से जोड़ना था।












