दूसरी मंजिल से गिरा जेसीबी ऑपरेटर, हालत नाजुक
लडभड़ोल क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति के दूसरी मंजिल से गिरने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति की पहचान सुशील (40) निवासी बनोडी, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुशील लडभड़ोल में किराए के कमरे में रहता है और पेशे से जेसीबी ऑपरेटर है। हादसे के वक्त सुशील दूसरी मंजिल पर खड़ा था, जब अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सिविल अस्पताल लडभड़ोल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी सेवाओं में तैनात डॉ. रजत शर्मा और स्टाफ नर्स ने प्राथमिक उपचार किया। व्यक्ति की हालत गंभीर होने के चलते उसे 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल पालमपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं, लडभड़ोल पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि उन्हें व्यक्ति के गिरने की सूचना मिली है और मामले की छानबीन की जा रही है।












