जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला: आचार संहिता उल्लंघन और सत्ता दुरुपयोग के लगाए गंभीर आरोप
अनिल शर्मा, अनंत ज्ञान ब्यूरो, मंडी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस सरकार आदर्श आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन कर रही है और अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल के बीच सरकार पर्दे के पीछे गैर-कानूनी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है, जिस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार नजर बनाए हुए है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि विभिन्न बोर्डों और निगमों में तैनात पदाधिकारी सरकारी संसाधनों और जनता के धन का दुरुपयोग कर चुनावी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं, जो आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को रोजगार का प्रलोभन दिया जा रहा है। उनका दावा है कि इनमें से कई एजेंसियां कांग्रेस से जुड़े नेताओं से संबंध रखती हैं और इन्हें मुख्यमंत्री का संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों के जरिए युवाओं को भ्रमित कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन प्रदेश का मतदाता अब जागरूक है और ऐसे हथकंडों से प्रभावित नहीं होगा।
सराज क्षेत्र के छतरी दौरे के दौरान जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि छोटे स्तर के नेता भी सत्ता के दबाव में नियमों के विपरीत कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने संस्थानों और संसाधनों का दुरुपयोग बंद नहीं किया तो भाजपा चुनाव आयोग के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगी और जनता के बीच सरकार की वास्तविकता उजागर करेगी।
इस दौरान उन्होंने छतरी में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में भी भाग लिया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा कार्यकर्ताओं से संवाद किया।












