आपदा से हुए नुकसान पर अंतर मंत्रालयीय केंद्रीय दल ने जिला अधिकारियों के साथ की बैठक
- मंडी जिला में 708 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान अनुमानित
मंडी जिला में बरसात के मौसम में बादल फटने, बाढ़ एवं भूस्खलन से हुए नुकसान का आकलन करने पहुंचे केंद्रीय दल ने डीआरडीए सभागार में जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में उप सचिव (वित्त आयोग डिविजन) कंदर्प वी. पटेल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान पर हिमाचल व विशेषकर मंडी जिला एवं प्रभावित लोगों के साथ पूरी संवेदनाएं हैं। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि जिला में इस बरसात के मौसम में आरंभिक तौर पर 708 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान निजी एवं सार्वजनिक संपत्ति का आंका गया है। बादल फटने एवं भारी बारिश व भूस्खलन से सबसे अधिक नुकसान थुनाग उपमंडल में लगभग 394 करोड़ रुपए का हुआ है। करसोग उपमंडल में 55 करोड़ रुपए से अधिक तथा धर्मपुर में 47 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान आंका गया है।












