जोगिंद्रनगर में आज लगेगा नवाचार एवं सशक्तिकरण मेला, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर द्वारा उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत 4 सितम्बर को नवाचार एवं सशक्तिकरण मेला आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन मिनी सचिवालय प्रांगण में प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। मेले का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं और स्व-सहायता समूहों को मंच प्रदान करना तथा आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी जीवन ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मेले में क्षेत्र के अनेक स्व-सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इन स्टॉलों पर घरेलू उत्पाद, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजन, पौधशाला और नवाचार से जुड़े कई उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय की प्रोफेसर कोमुदी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले का उद्देश्य न केवल स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है, बल्कि ग्रामीण स्तर पर हो रहे छोटे-छोटे नवाचारों को भी समाज के सामने लाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।उन्होंने आगे बताया कि मेले के माध्यम से छात्रों और आम नागरिकों को यह अवसर मिलेगा कि वे अपनी रचनात्मकता और उद्यमशीलता को समाज के साथ साझा कर सकें। साथ ही, स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन का प्लेटफार्म मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि और सशक्तिकरण की राह मजबूत होगी।












