डीएवी स्कूल जवाहर नगर में भारतीय भाषा समर कैंप का आयोजन, बच्चों ने भारतीय भाषाओं का किया अभ्यास
डीएवी स्कूल जवाहर नगर मंडी में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और सीबीएसई के बहुभाषावाद को प्रोत्साहन देने की पहल के अंतर्गत भारतीय भाषा समर कैंप का आयोजन किया गया। इस छह दिवसीय शिविर में प्राथमिक, उच्चतर और वरिष्ठ माध्यमिक वर्गों के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस शिविर का उद्देश्य भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के प्रति छात्रों में गहन समझ और सम्मान विकसित करना था। इस कैंप में विद्यार्थियों ने कई रचनात्मक और अनुभवात्मक गतिविधियों में भाग लिया, जैसे- विभिन्न भारतीय भाषाओं में आत्म-परिचय, संवाद अभ्यास, अंकों का नामकरण, वर्णमाला की पहचान व अनुवाद अभ्यास। विशेष रूप से पंजाबी भाषा और संस्कृति को समर्पित दिन में पारंपरिक लोकनृत्य, शब्द गायन, पंजाबी शब्दावली निर्माण, कविता पाठ और पारंपरिक पंजाबी भोजन जैसे आयोजन विद्यार्थियों को पंजाबी विरासत से जोड़ते दिखे। साथ ही, स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित ऑडियो-विज़ुअल प्रस्तुतियां और कहानी सत्रों ने देशभक्ति और भाषाई चेतना को और भी गहराया। शिविर का समापन प्रमाण पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य केएस गुलेरिया ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों व आयोजक शिक्षकों को उनकी सराहनीय भागीदारी और समन्वय के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास न केवल भाषा कौशल को निखारते हैं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक बोध को भी सुदृढ़ करते हैं।












