चुनाव ड्यूटी भत्तों में बढ़ोतरी: डाइट मनी, कंटीजेंसी और वाहन खर्च भी बढ़ा
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय चुनाव से पहले राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। चुनाव ड्यूटी पर तैनात हजारों कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के लिए भत्तों में बढ़ोतरी की गई है, जिससे चुनावी प्रक्रिया में जुटे कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के नए आदेश के मुताबिक, मतदान और मतगणना में शामिल कर्मचारियों की डाइट मनी को बढ़ाकर 225 रुपये प्रति व्यक्ति कर दिया गया है, जो पहले 100 रुपये थी। यह बढ़ोतरी महंगाई दर और बदले आर्थिक हालात को ध्यान में रखते हुए की गई है।
सिर्फ यही नहीं, पीठासीन अधिकारी और एआरओ के लिए कंटीजेंसी राशि भी अब 100 से बढ़ाकर 200 रुपये कर दी गई है। वहीं, वाहन मरम्मत के खर्च की सीमा को भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दिया गया है।
यात्रा व्यय के बदले पारिश्रमिक में भी संशोधन किया गया है। विभिन्न श्रेणी के अधिकारियों जैसे एआरओ, पीठासीन अधिकारी और पोलिंग अधिकारी के लिए प्रति चरण के हिसाब से नई दरें निर्धारित की गई हैं। एआरओ के लिए यात्रा व्यय के बदले पारिश्रमिक 2500 से बढ़ाकर 3050 रुपये तीन चरणों के लिए, पीठासीन अधिकारी के लिए 700 रुपये से बढ़ाकर 850 रुपये प्रति चरण और पोलिंग अधिकारी के लिए 650 से बढ़ाकर 800 रुपये प्रति चरण होगा।
बताया जा रहा है कि आगामी चुनावों में करीब 50 हजार कर्मचारी और सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे, जिन्हें इस फैसले से राहत मिलेगी।
ऐसे में साफ है कि चुनाव आयोग का यह फैसला न सिर्फ कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाएगा, बल्कि चुनाव प्रक्रिया को भी अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने में मदद करेगा।












