सत श्री बाडा देब मंदिर में 9 दिवसीय श्री राम कथा महायज्ञ का शुभारंभ
सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत भनबाड़ स्थित सत श्री बाडा देब मंदिर में गुरुवार से 9 दिवसीय श्री राम कथा महाज्ञान यज्ञ का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। यह यात्रा भनबाड़ के प्राचीन भराड़ी माता मंदिर से शुरू होकर सत श्री बाडा देब मंदिर परिसर तक नाचते-गाते हुए निकाली गई। इस धार्मिक यात्रा में महिलाओं सहित अनेक श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया। ग्रामीणों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। यात्रा पटयोड़ा गांव से होकर मंदिर परिसर तक पहुंची। सत श्री बाडा देब कमेटी भनबाड़ के प्रधान कर्म सिंह ठाकुर ने जानकारी दी कि यह श्री राम कथा महाज्ञान यज्ञ 24 जुलाई तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। कथा वाचक के रूप में व्यास पीठ पर पंडित धर्मेंद्र शर्मा बडोह (सुंदरनगर) अपने मुखारविंद से श्री राम कथा का प्रवचन करेंगे। कर्म सिंह ठाकुर ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वे प्रतिदिन मंदिर परिसर पहुंचकर कथा श्रवण करें और पुण्य के भागीदार बनें। इस अवसर पर कमेटी के सदस्य, पंचायत प्रधान उर्मिला देवी, समाजसेवी परस राम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।












