ग्राम पंचायत टिकरू की मासिक बैठक में लिया गया अहम निर्णय, ढेलु वार्ड में शामिल करने की उठी मांग
ग्राम पंचायत टिकरू की मासिक बैठक पंचायत प्रधान प्रेम लता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें सभी सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक के दौरान पंचायत से जुड़ी विभिन्न आवश्यक विषयों पर चर्चा की गई, वहीं सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा जिला परिषद वार्ड परिसीमन से संबंधित रहा। बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि ग्राम पंचायत टिकरू को वर्तमान में शामिल किए गए जिला परिषद वार्ड 36-दलेड से हटाकर वार्ड 1-ढेलु में शामिल किया जाए। सदस्यों ने तर्क देते हुए कहा कि पूर्व में टिकरू पंचायत नेरघरवासड़ा वार्ड में आती थी, लेकिन इस बार परिसीमन के तहत इसे 36-दलेड में जोड़ दिया गया है। सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में जिन पंचायतों के साथ टिकरू को जोड़ा गया है, वे भौगोलिक दृष्टि से 20 से 30 किलोमीटर तक दूर स्थित हैं, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को कार्यों के निष्पादन में असुविधा का सामना करना पड़ेगा। इसके विपरीत ढेलु वार्ड की पंचायतें टिकरू से काफी निकट हैं और प्रशासनिक समन्वय के लिए अधिक उपयुक्त रहेंगी। बैठक के अंत में ग्राम पंचायत टिकरू के सभी सदस्यों ने उपायुक्त मंडी से मांग की कि इस विषय पर शीघ्र विचार किया जाए और टिकरू पंचायत को जिला परिषद वार्ड ढेलु में सम्मिलित किया जाए, ताकि स्थानीय जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधा मिल सके।












