जोगिंद्रनगर में एक्सियन के खिलाफ सैकड़ों ग्रामीणों का प्रदर्शन
दलित बस्तियों को जोड़ने वाली सड़क खोलने और भ्रष्टाचार की जांच की मांग
हिमाचल किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में मंगलवार को भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के जोगिंद्रनगर डिवीजन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जोगिंद्रनगर बाजार से जुलूस निकालते हुए विभागीय कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एक्सियन को हटाने और दलित बस्तियों को जोड़ने वाली वर्षों से बंद सड़क को खोलने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक्सियन ने बिना अनुमति के जनप्रतिनिधियों को कार्यालय से बाहर निकाल दिया और अभद्र व्यवहार किया। उनका कहना था कि उक्त अधिकारी पहले भी विभिन्न स्थानों पर भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं।
बाद में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम जोगिंद्रनगर से मिलकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जिसमें एक्सियन के कार्यकाल की न्यायिक जांच, उनकी संपत्तियों की जांच और प्रभावित क्षेत्रों की सड़कें खोलने की मांग की गई है।
प्रदर्शन में कई पंचायत प्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, नौजवान सभा व विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।












