तीन दिन और तपेगा हिमाचल, इस दिन से बदलेगा मौसम का मिजाज
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों से गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है। हालांकि 11 और 12 जून को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं तथा आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।
रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना हुआ है। मैदानी इलाकों में सुबह से तेज धूप खिली हुई है, जिससे गर्मी का एहसास बढ़ गया है। राजधानी शिमला समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी धूप निकली हुई है और मौसम सामान्य से कुछ अधिक गर्म महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले दो दिनों के दौरान गर्मी का प्रभाव विशेष रूप से मैदानी जिलों में बढ़ा है। कई क्षेत्रों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 से 10 जून तक अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ रहेगा। उच्च पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा-बर्फबारी का अनुमान है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 जून को पूरे राज्य में मौसम खराब होगा। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार 13 जून को फिर मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
इस बीच, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दर्ज न्यूनतम तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पांवटा साहिब में 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद देहरा गोपीपुर 24.0 डिग्री, बिलासपुर 23.0 डिग्री, नेरी 22.1 डिग्री, ऊना और जुब्बड़हट्टी 20.2-20.2 डिग्री, कांगड़ा 19.1 डिग्री, मंडी 18.9 डिग्री, धर्मशाला 18.5 डिग्री, नाहन 18.4 डिग्री, सुंदरनगर 17.5 डिग्री, शिमला 17.2 डिग्री, पालमपुर और बरठीं 17.0-17.0 डिग्री, सराहन 16.6 डिग्री, सोलन 15.5 डिग्री, चंबा 15.4 डिग्री, भुंतर 14.9 डिग्री, सेओबाग 14.8 डिग्री, कुफरी 12.2 डिग्री, मनाली 11.9 डिग्री, कल्पा 8.4 डिग्री, केलांग 5.7 डिग्री, कुकुमसेरी 5.6 डिग्री और ताबो में 5.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान छिटपुट वर्षा हुई। कांगड़ा में 1.2 मिलीमीटर और बरठीं में 1.0 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में किसी तरह की हीट वेव की स्थिति नहीं है, लेकिन लगातार साफ मौसम के कारण दिन के तापमान में वृद्धि जारी रह सकती है।






