हिमाचल में नहीं थम रहा चिट्टे का काला कारोबार, हरियाणा का युवक शिमला में गिरफ्तार
शिमला। शिमला जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल डिटेक्शन सेल टीम के प्रभारी पियूष राज अपनी टीम के साथ बीती रात गश्त पर थे। यह गश्त भराखड़ क्षेत्र में निराथ के पास रात्रि करीब 2:15 बजे की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को शक के आधार पर रोका और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 9.31 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। आरोपी की पहचान गुरजीत सिंह (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के पंचकूला जिले के कालका तहसील के सूरजपुर का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया था और इसका इस्तेमाल या सप्लाई किसके लिए किया जाना था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












