'सड़क नहीं तो वोट नहीं: गोपालपुर-बतालडी के ग्रामीणों का पंचायत चुनाव बहिष्कार का ऐलान
सरकाघाट।
लोकतंत्र के पर्व से पहले ही उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत गोपालपुर के अंतर्गत आने वाले बतालडी गांव में बड़ा जनआक्रोश देखने को मिला है। वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की अनदेखी से नाराज़ ग्रामीणों ने आगामी पंचायत चुनावों के पूर्ण बहिष्कार का ऐलान कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सीधी चेतावनी दे दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि गोपालपुर से बतालडी होते हुए मतेडी रोड तक प्रस्तावित सड़क पिछले करीब 20 वर्षों से अधूरी पड़ी है। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद आज तक इस मार्ग का निर्माण पूरा नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा के जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राजो देवी, शकुंतला, गोपाल, नीलमाल देवी, मस्त राम, उर्मिला देवी, लीला देवी, प्रेम चंद, संतोष कुमारी, जगरनाथ, मालती देवी, रेवती देवी, टेक चंद, हेमराज, सपना देवी, रंजीत सिंह, बन्ती देवी, अजय कुमार, अर्चना, सुनीता देवी, सैलजा, सुरेंद्र कुमार, नीशा, पूनम सहित अन्य ग्रामीणों ने उपमंडल अधिकारी को पत्र सौंपकर अपनी पीड़ा व्यक्त की है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हर चुनाव में नेता सड़क निर्माण का भरोसा देकर वोट तो ले लेते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही मामला फिर ठंडे बस्ते में चला जाता है। महिलाओं ने विशेष रूप से चिंता जताते हुए कहा कि सड़क न होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा हमेशा खतरे में रहती है।
ग्रामीणों ने हाल ही में नैण गांव में हुई एक आपराधिक घटना का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे हालात में अब गांव में अकेले या रात तो छोड़िए दिन में भी निकलना सुरक्षित नहीं रहा।
लोगों का कहना है कि इस मुद्दे को लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी कई बार उठाया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते अब ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जब तक सड़क निर्माण और सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होती, वे पंचायत चुनाव में मतदान नहीं करेंगे।
ग्रामीणों की इस घोषणा ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है और अब सभी की नजरें आगामी कार्रवाई और सरकार के रुख पर टिकी हुई हैं।












