वेतन बहाली से लेकर भ्रष्टाचार तक जयराम ने सुक्खू सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा; लगाए कई आरोप
शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। नीरज भारती प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि यह अब कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मामला नहीं रह गया है, बल्कि पूरे प्रदेश से जुड़ा गंभीर विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष द्वारा सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप बेहद गंभीर हैं और इन पर जवाब दिया जाना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन अब कथित तौर पर "अटैचियों" तक की चर्चा होने लगी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष को नशेड़ी बता रहे हैं तो फिर सरकार के नशा मुक्ति अभियान की स्थिति पर भी सवाल खड़े होते हैं।
भाजपा में गुटबाजी के मुख्यमंत्री के आरोपों को खारिज करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है और हालिया चुनाव परिणामों ने यह साबित भी कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पहले कांग्रेस संगठन में भी एक गुट का नेतृत्व करते थे और आज भी पूरे प्रदेश के बजाय एक गुट विशेष की राजनीति कर रहे हैं।
विधायकों और मंत्रियों की वेतन बहाली के मुद्दे पर भी जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिना पर्याप्त सोच-विचार के फैसले लेते हैं। जब वेतन कटौती का फैसला लिया गया था तब भी विपक्ष ने इसकी उपयोगिता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को 3920 करोड़ रुपये की बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की, लेकिन इसके लिए केंद्र का आभार तक व्यक्त नहीं किया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार वित्तीय प्रबंधन में असफल रही है और अब विभिन्न माध्यमों से संसाधन जुटाकर अपनी गारंटियों को पूरा करने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा जिला परिषद अध्यक्षों के चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया जाएगा और पार्टी की कोशिश है कि प्रदेश के सभी 12 जिलों में भाजपा समर्थित जिला परिषद अध्यक्ष चुने जाएं।
जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेताओं ने पहले भी मुख्यमंत्री पर साजिश की राजनीति करने के आरोप लगाए थे और आज भी वही माहौल देखने को मिल रहा है।






