पैन्सनर्ज वेल्फेयर एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी का गठन 6 जुलाई को सुंदरनगर में
पैन्सनर्ज वेल्फेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरीश शर्मा और सदस्य सचिव सुरेन्द्र वर्मा ने बताया कि एसोसिएशन के राज्य स्तरीय चुनाव 6 जुलाई, रविवार को प्रातः 11 बजे सुंदरनगर के जवाहर पार्क स्थित सामुदायिक भवन (कृषि प्रशिक्षण केंद्र) में आयोजित किए जाएंगे। इसमें प्रदेश भर से जिला प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस दौरान एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। चुनाव संचालन समिति ने प्रदेश के सभी जिला प्रधानों, सचिवों और खण्ड इकाईयों के प्रधान व सचिवों से निर्धारित तिथि को निश्चित समय पर पहुंच कर इस महत्वपूर्ण चुनाव में भाग लेने का आग्रह किया है। चुनाव प्रक्रिया एसोसिएशन के संविधान के अनुसार होगी और इसकी नोटिफिकेशन नियमानुसार जारी कर दी गई है। प्रत्येक जिला और इकाई को सदस्यता शुल्क का प्रदेश भाग राज्य कोषाध्यक्ष के पास जमा करवाना होगा तथा प्रदेश प्रतिनिधियों की सूची चुनाव अधिकारी को चुनाव से पूर्व सौंपनी होगी। समिति के अनुसार प्रत्येक जिले के प्रधान, सचिव और खण्ड इकाई प्रधान व सचिव पदेन प्रदेश प्रतिनिधि होंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक जिला से पांच-पांच प्रदेश प्रतिनिधि मनोनीत किए जाएंगे। चुनाव प्रबंधन और अन्य व्यवस्था का दायित्व जिला मंडी निभाएगा। दूरदराज के जिलों के प्रतिनिधियों के लिए 5 जुलाई की शाम तक सुंदरनगर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष हरीश शर्मा, सदस्य सचिव सुरेंद्र वर्मा तथा जिला मीडिया प्रभारी कुलदीप गुलेरिया द्वारा दी गई।












