विश्व पर्यावरण दिवस पर जंगल में लगी आग, वनरक्षक सपना ठाकुर की तत्परता से टला बड़ा हादसा
विश्व पर्यावरण दिवस पर जहां एक ओर चौंतड़ा में वन विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम चल रहा था, वहीं दूसरी ओर हराबाग बीट के तहत पटड़ी गांव के समीप जंगल में आग लगने की सूचना ने हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही वनरक्षक सपना ठाकुर अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद शाम 4 बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। वनरक्षक सपना ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि आग की सूचना सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मिली थी। यदि समय रहते काबू न पाया जाता तो पटड़ी गांव के करीब 10-15 घरों पर आग का गंभीर खतरा मंडरा सकता था। उन्होंने बताया कि आग से लगभग 2 हेक्टेयर क्षेत्र में वनसंपदा को नुकसान पहुंचा है।स्थानीय लोगों और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान पर्यावरण दिवस के मौके पर प्रकृति को हुए नुकसान ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया कि जंगलों की सुरक्षा और जागरूकता कितनी जरूरी है।












