अधिकारियों की लेटलतीफी से रुकी कर्मचारियों की तरक्की', बिजली बोर्ड यूनियन ने उठाई आवाज
शिमला। हिमाचल राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने कर्मचारियों के लंबित मामलों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई है। यूनियन के महासचिव प्रशांत शर्मा की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने बिजली बोर्ड के चेयरमैन प्रबोध सक्सेना से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को उनके समक्ष रखा।
यूनियन ने बताया कि जिन दैनिक भोगी कर्मचारियों ने 31 मार्च तक नियमितीकरण के लिए निर्धारित सभी मापदंड पूरे कर लिए हैं, वे प्रबंधन की लेटलतीफी के कारण अभी तक नियमित नहीं हो पाए हैं। इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह मुद्दा भी उठाया कि बिजली बोर्ड में लंबे समय से विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों की पदोन्नतियां लंबित पड़ी हैं। उप सचिव, अवर सचिव, सेक्शन ऑफिसर, सुपरिंटेंडेंट, सहायक अभियंता, अकाउंट्स कैडर तथा फायरमैन-कम-ड्राइवर सहित कई पदों पर प्रमोशन आदेश जारी नहीं किए गए हैं। इसके कारण कई कर्मचारी पदोन्नति का इंतजार करते-करते सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
यूनियन ने मांग की कि कर्मचारियों के नियमितीकरण और पदोन्नति से जुड़े सभी मामलों का जल्द निपटारा किया जाए ताकि कर्मचारियों को उनका हक समय पर मिल सके। साथ ही चेतावनी दी कि यदि लंबित मामलों का समाधान नहीं हुआ तो यूनियन आंदोलन की राह भी अपना सकती है।






