ऑपरेशन सिंदूर' की गूंज: लडभड़ोल में तिरंगा यात्रा के साथ भारतीय सेना को सलाम
भारतीय सेना के हालिया 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता और अदम्य शौर्य को नमन करते हुए बुधवार को लडभड़ोल तहसील में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस देशभक्ति से ओतप्रोत आयोजन में पूर्व सैनिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और स्कूली विद्यार्थियों ने भारी संख्या में भाग लेकर देशप्रेम की मिसाल पेश की। तिरंगा यात्रा की शुरुआत लडभड़ोल पेट्रोल पंप से हुई, जो बाजार का भ्रमण करते हुए न्यू मार्किट तक पहुंची। इस दौरान पूरे क्षेत्र में 'भारत माता की जय' और 'भारतीय सेना जिंदाबाद' के जयघोष गूंजते रहे। प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर पूरे जोश और उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारों ने दुश्मन को करारा जवाब देने वाली भारतीय सेना के पराक्रम की झलक दी। पूर्व सैनिक लीग लडभड़ोल के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने इस मौके पर कहा, “भारतीय सेना का साहस और रणनीतिक कौशल आज पूरे विश्व में चर्चा का विषय है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत 600 से अधिक पाकिस्तानी ड्रोनों को मार गिराना भारतीय एयर डिफेंस की अचूक क्षमता का परिचायक है।” पूर्व जोगिंद्रनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय सकलानी ने सभी संगठनों, स्कूली बच्चों और मातृशक्ति की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा, “आज का दिन हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है। भारतीय सेना ने वह कर दिखाया है, जिसकी देश को लंबे समय से प्रतीक्षा थी। यह केवल एक सैन्य सफलता नहीं, बल्कि देश की अस्मिता की विजय है।” तिरंगा यात्रा के माध्यम से लडभड़ोलवासियों ने भारतीय सेना को सलामी दी और यह संदेश दिया कि राष्ट्र के सम्मान और सुरक्षा के लिए हर नागरिक एकजुट है।












