कांगड़ा और चंबा में फिर डोली धरती, सुबह दो बार महसूस हुए भूकंप के झटके
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और चंबा जिलों में गुरुवार सुबह एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जून को सुबह 5 बजकर 07 मिनट पर कांगड़ा जिले में रिक्टर स्केल पर 2.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके बाद सुबह 7 बजकर 13 मिनट पर चंबा जिले में 2.3 तीव्रता का एक और भूकंप रिकॉर्ड किया गया। भूकंप के झटके हल्के होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
हालांकि, लगातार आ रहे भूकंप के झटकों से लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। कई लोगों ने सुबह-सुबह धरती में हल्का कंपन महसूस होने की बात कही।
गौरतलब है कि हाल ही में आए भूकंप के झटकों से कांगड़ा जिले में कई कच्चे और पक्के मकानों को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में एक बार फिर भूकंप की गतिविधियां बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।






