नगरोटा बगवां में नशा तस्कर गिरफ्तार, 201 ग्राम चरस व 1.18 लाख नकदी बरामद
धर्मशाला, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। नगरोटा बगवां क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 201 ग्राम चरस और ₹1,18,920 की नकदी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की विशेष टीम नियमित गश्त और नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने नगरोटा बगवां स्थित सब्जी मंडी के पास एक किराए के कमरे पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से चरस और भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार शुक्ला पुत्र बच्चा राज, निवासी फरेन्दा, डाकघर व तहसील मल्लापुर, जिला गोंडा (उत्तर प्रदेश), उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने किराए के कमरे से ही नशे का कारोबार संचालित करता था और वहीं से ग्राहकों को चरस की सप्लाई करता था।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमों के अनुसार जारी है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया गया है और पुलिस द्वारा गश्त, नाकाबंदी तथा सूचना तंत्र को मजबूत किया जा रहा है, ताकि ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।












