दिव्यम ठाकुर ने पास की सीए की कठिन परीक्षा, पिता का सपना किया साकार
मंडी जिला के गांव मढ़धार करौली डाकघर मझवाड़ कोटमोरस निवासी दिव्यम ठाकुर ने 24 वर्ष की आयु में आईसीएआई द्वारा घोषित सीए फाइनल परीक्षा पास कर जिले का नाम रोशन किया है। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ अपर राम नगर, मुहाल मंगवाई मंडी में रहते हैं। दिव्यम के पिता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में ऑडिटर पंचायत के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता स्वास्थ्य विभाग में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उनके माता-पिता पूर्व में समाजसेवा व पंचायत कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं। दिव्यम की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर मंडी से और छठी से बारहवीं तक की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह से हुई। बचपन से ही ईमानदार, अनुशासित और तीव्र बुद्धि के धनी दिव्यम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को दिया है।उनके पिता ने बताया कि वर्ष 1996 में बीकॉम के बाद वह स्वयं सीए बनना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनका सपना अधूरा रह गया। आज बेटे ने उसी सपने को पूरा कर पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है।












