आज से शुरू होगा जिला स्तरीय कुथाह मेला, अतिरिक्त उपायुक्त मंडी करेंगे मेले का शुभारंभ
सराज विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश के प्रसिद्ध जिला स्तरीय कुथाह मेला का आज शुभारंभ होगा और उपायुक्त मंडी रोहित राठौड़ इसका शुभारंभ करेंगे। बताते चलें कि जिला स्तरीय कुथाह मेलों का आयोजन जंजैहली के समीप कुथाह गांव में महादेव तुंगासी के परिसर में राजाओं के समय से किया जा रहा है और यह क्षेत्र में सबसे बड़ा मेला है। गुच्छियों की खरीद फरोख्त के लिए मशहूर यह मेला प्रत्येक वर्ष 22 मई से प्रारंभ होकर 31 मई तक आयोजित होता है। क्षेत्र में यह सबसे पहले आयोजित होने वाला पारंपरिक मेला है और लोग इस दौरान जमकर खरीददारी करते हैं। इस मेले में करोड़ों का कारोबार होता है और देशभर से व्यापारी यहां आते हैं। उपमंडलाधिकारी नागरिक थुनाग लक्ष्मण कनैट ने बताया कि जिला स्तरीय कुथाह मेलों में इस बार नशा मुक्त सराज थीम रखी गई है। उनकी अध्यक्षता में मेलों के सफल आयोजन के लिए बैठक आयोजित की गई जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और मेला कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। कनैट ने बताया कि मेलों में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सभी विभागों को मेलों के सफल आयोजन के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं। मेलों में जहां सांध्यकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहीं दिन में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता से आह्वान किया है कि मेलों के सफल आयोजन को लेकर सभी मिलजुल कर सहयोग करें।












