जिला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया ने किया कोठी महिला मंडल का भवन लोकार्पित
महिला सशक्तिकरण एवं समाज को समर्पित महिला मंडल भवन का लोकार्पण सरकाघाट की ग्राम पंचायत चोलथरा के गांव कोठी में जिला परिषद सदस्या वंदना गुलेरिया के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मंडल की प्रधान शीला ठाकुर ने की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वंदना गुलेरिया को अतिथि देवो भव परंपरा का निर्वहन करते हुए महिला मंडल द्वारा शाल और टोपी भेंट की गई। भवन लोकार्पण करते हुए उन्होंने सभी ग्राम वासियों को इसकी बधाई दी तथा कहा कि यह भवन महिला मंडल की सामूहिक पहल और समाज के सहयोग से संभव हो पाया है, जो क्षेत्र की महिलाओं को संगठित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर पूर्व बीडीसी सदस्य कुसुम वर्मा तथा पूर्व बीडीसी सदस्य संजीव कुमार को समाज सेवा में उनके अमूल्य योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त महिला मंडल की सक्रिय सदस्या सत्य देवी के सतत सहयोग और महिला मंडल भवन को भू दान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया तथा उनका आभार भी प्रकट किया गया। महिला मंडल की सभी सदस्याएं इस गरिमामय आयोजन में उपस्थित रहीं और उन्होंने भवन को सामुदायिक गतिविधियों का एक प्रभावी केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी।












