सरकाघाट बाग-मसेरन सड़क पर बनी गहरी दरार, बड़ा हादसा कभी भी संभव
उपमंडल सरकाघाट के बाग-मसेरन सड़क मार्ग पर सड़क के बीचो-बीच लगभग 200 मीटर लंबी गहरी दरार पड़ने से क्षेत्रवासियों में दहशत फैल गई है। दरार लगातार चौड़ी हो रही है और सड़क धीरे-धीरे धंस रही है। इस कारण वाहनों की आवाजाही खतरे के बीच हो रही है। लोग मजबूरीवश जोखिम उठाकर अपने वाहन इस मार्ग से निकाल रहे हैं। यदि बरसात का क्रम इसी तरह जारी रहा तो आने वाले दिनों में सड़क पूरी तरह से बैठ सकती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने सड़क निर्माण के समय पानी की निकासी के लिए उचित नालियां नहीं बनाई थीं, जिसके कारण जगह-जगह वर्षा का पानी सड़क के नीचे रिसता है और धीरे-धीरे सड़क कमजोर होकर धंसने लगती है। यही वजह है कि मसेरन तक के इस मार्ग पर छोटे-मोटे भूस्खलन आम हो गए हैं और सड़क अक्सर अवरुद्ध रहती है। ग्रामवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार विभाग को इस समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन सड़क की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है और किसी बड़े हादसे का खतरा हमेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि शीघ्र ही मरम्मत और पानी की निकासी की पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क सुरक्षित हो सके और यात्रियों की जान-माल की रक्षा की जा सके।












