हिमाचल सरकार का बड़ा तोहफा! सिलाई अध्यापिकाओं और चौकीदारों की बढ़ी दिहाड़ी
हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंचायती राज विभाग के अंतर्गत कार्यरत सिलाई अध्यापिकाओं और पंचायत चौकीदारों (दैनिक वेतनभोगी) की दिहाड़ी में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। विभाग के निदेशक ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी कर संशोधित दरों के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कहा है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल से प्रभावी होगी और कर्मचारियों को इसका लाभ एरियर सहित मिलेगा।
नए आदेश के अनुसार सिलाई अध्यापिकाओं को अब 508 रुपये प्रतिदिन की दर से भुगतान किया जाएगा, जो कि पहले 480 रुपये मिलते थे। वहीं पंचायत चौकीदारों को अब 450 रुपये प्रतिदिन की दर से मानदेय मिलेगा। इन्हें पहले 425 रुपये मिलते थे। इससे 1600 सिलाई अध्यापिकाओं और 2100 पंचायत चौकीदारों को लाभ होगा।
विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित दरों के आधार पर मासिक पारिश्रमिक का भुगतान समयबद्ध किया जाए। इन्हें दैनिक वेतनभोगी बने 12 साल से अधिक का समय हो चुका है।
जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत इन कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रावधान लागू रखने के निर्देश हैं। इन कर्मचारियों को संशोधित दैनिक दरों पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि का लाभ मिलेगा। इससे लाहौल-स्पीति, किन्नौर और अन्य अधिसूचित जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अधिक लाभ मिलेगा।






