दैनिक वेतन भोगी और अंशकालीन कर्मचारी पांच माह से मानदेय न मिलने से परेशान
उपमंडल सरकाघाट, बलद्वाड़ा, उपतहसील भदरोता और ढलवाण के विभिन्न पटवार वृत्तों में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी और अंशकालीन कर्मचारियों ने उपमंडलाधिकारी (ना.) सरकाघाट स्वाति डोगरा को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों बताया कि उन्हें अप्रैल से अगस्त तक का मानदेय प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके कारण वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।कर्मचारियों ने कहा कि पिछले पांच महीनों से मानदेय न मिलने की वजह से उनके परिवारों का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग की कि बकाया मानदेय को तुरंत जारी किया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वे पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन न मिलने से उनका मनोबल टूट रहा है।कर्मचारियों ने उपमंडलाधिकारी से आग्रह किया है कि वे शीघ्र कार्रवाई कर संबंधित विभाग को निर्देश दें। इस मौके पर सीमा ठाकुर, मलका देवी, रीना देवी, रजनी देवी, सरिता, निशा देवी, सुनीता देवी, नीतू भारती, नरेश कुमार, सोनू कुमार, रविकांत, शनि कुमार, सुनील कुमार, राकेश कुमार, महेंद्रपाल, अक्षय कुमार, रणजीत कुमार, विजय कुमार करण सिंह और मीरा देवी सहित कई कर्मचारियों ने हस्ताक्षर किए।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्या का त्वरित समाधान करेगा।












