नशा निषेध दिवस पर डी.ए.वी. स्कूल जोगिंद्रनगर में जागरूकता रैली व प्रतियोगिताएं आयोजित
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल जोगिंद्रनगर में शनिवार को नशा निषेध दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य समाज में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाना था।कार्यक्रम के तहत कक्षा पांचवीं से सातवीं तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, नारा लेखन और कविता पाठ आयोजित किए गए। वहीं, कक्षा आठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने नगर में एक रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में नशा विरोधी स्लोगन वाली तख्तियां लेकर जनमानस को जागरूक किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ठाकुर ने इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि, “नशा समाज के लिए ऐसा दीमक है जो धीरे-धीरे जीवन को समाप्त कर रहा है। इससे बचाव के लिए जन-जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है।” उन्होंने यह भी बताया कि नशा निषेध दिवस मनाने का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना है। प्रधानाचार्य ने युवाओं को इस मानसिक बीमारी से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है, जिसे रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर कार्य करना होगा। इस मौके पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण व स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे और रैली में भाग लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।












